रोजदारों ने मांगी रहमत की दुआ
शहाबगंज चंदौली। पवित्र रमजान माह के आखिरी जुमे अलविदा की नमाज शुक्रवार को क्षेत्र में अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। इस दौरान मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी और रोजेदारों ने अल्लाह की बारगाह में हाथ उठाकर मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी।

क्षेत्र के बड़गावां, ठेकहां, करनौल, सिहोरिया, शहाबगंज कस्बा, एकौना, अमरसीपुर, किड़िहिरा, भटरौल, अमांव, भूसी व भोड़सर समेत आसपास के गांवों की मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोग अलविदा जुमे की नमाज अदा करने पहुंचे। नमाज से पहले मस्जिदों में खुत्बा दिया गया, जिसमें रमजान के महीने की अहमियत, रोजे की फजीलत और इंसानियत व भाईचारे का पैगाम दिया गया।
जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अजमल हयात ने कहा कि रमजान का महीना रहमत, बरकत और मगफिरत का महीना है। इस पाक महीने में की गई इबादत का सवाब कई गुना बढ़ जाता है। नमाज के बाद रोजेदारों ने देश में अमन-शांति, तरक्की और समाज में भाईचारे की मजबूती के लिए खास दुआएं मांगी।

वहीं नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट रहा। थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह क्षेत्र में मय फोर्स लगातार भ्रमण करती रहीं और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। मस्जिदों और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही, जिससे नमाज शांतिपूर्ण और सकुशल माहौल में संपन्न हुई।
अलविदा जुमे के मौके पर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर रमजान के आखिरी जुमे की मुबारकबाद दी।




