सभी बैंक शाखाएं रहीं बंद

चंदौली।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर देशभर में आहूत सरकारी बैंकों की हड़ताल का असर चंदौली जनपद में भी देखने को मिला। हड़ताल के चलते जनपद की सभी सरकारी बैंक शाखाएं दिनभर बंद रहीं, जिससे बैंकिंग कार्य पूरी तरह ठप हो गया।
बैंक बंद रहने के कारण नकद निकासी, जमा, चेक क्लीयरेंस, ऋण सहित अन्य जरूरी बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। अपने आवश्यक कार्यों के लिए बैंक पहुंचे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों से आए खाताधारकों को सबसे अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
बैंक यूनियनों की मांग है कि 5 दिन कार्य प्रणाली (वर्किंग रूल) को तत्काल लागू किया जाए। इस मांग को लेकर केंद्र सरकार और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन ठोस निर्णय न होने के चलते यूनियनों ने देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया। यूनियनों का कहना है कि बैंकों में भी वर्क-लाइफ बैलेंस जरूरी है।
हड़ताल के चलते एटीएम सेवाएं कुछ स्थानों पर चालू रहीं, हालांकि नकदी की उपलब्धता को लेकर उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

