मिड डे मील का सामान ले उड़े चोर

इलिया। चकिया कोतवाली क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गांधीनगर में गुरुवार की रात चोरों ने किचन रूम का ताला तोड़कर मिड डे मील से जुड़ा जरूरी सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह विद्यालय खुलने पर हुई, जिससे विद्यालय स्टाफ और ग्रामीणों में आक्रोश है।
किचन रूम का ताला तोड़कर की चोरी
विद्यालय पहुंचे प्रधानाध्यापक रामदुलार सिंह ने बताया कि किचन रूम का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर दो गैस सिलेंडर, अनाज रखने का कंडाल, प्लेट, कटोरी, गिलास, चावल, आटा सहित अन्य सामग्री गायब मिली। कुछ सामान बिखरा पड़ा था, जिससे स्पष्ट है कि चोरों ने काफी समय लगाकर चोरी की। बाउंड्री वॉल न होने से परिसर असुरक्षित
ग्रामीणों का कहना है कि प्राथमिक विद्यालय जंगल के बीच स्थित है और अब तक बाउंड्री वॉल का निर्माण नहीं हो सका है। आरोप है कि वन विभाग की ओर से आपत्ति के चलते चारदीवारी नहीं बन पाई, जिससे विद्यालय परिसर असुरक्षित रहता है। रात में सुनसान होने का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया।

तहरीर के आधार पर जांच शुरू
प्रधानाध्यापक ने घटना की सूचना खंड शिक्षाधिकारी अजय कुमार को दी और सैदूपुर चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय को लिखित तहरीर सौंपी। इस संबंध में चौकी प्रभारी ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है, मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

