स्टंटबाजी बनी हादसे की वजह
सीसीटीवी से फरार बाइक सवारों की तलाश में पुलिस

चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के नेशनल इंटर कॉलेज के समीप मंगलवार को तेज रफ्तार दो बाइकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में परीक्षा देने जा रहीं तीन छात्राएं बाइक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक सवार आपस में स्टंटबाजी कर रहे थे, इसी दौरान बाइकों की टक्कर हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गए। सड़क पर घायल अवस्था में पड़ी छात्राओं को देख स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से तीनों घायल छात्राओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस संबंध में सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार बाइक सवारों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

