प्रशासन की सख्ती से व्यापारियों में भरोसा बढ़ा,
रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। जनपद के व्यापारियों ने गुरुवार को जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग का माल्यार्पण कर तथा श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

अवैध उगाही के आरोप में खाद्य इंस्पेक्टर निलंबित
जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने कहा कि खाद्य एवं औषधि विभाग के एक इंस्पेक्टर द्वारा सैंपलिंग का भय दिखाकर व्यापारियों से अवैध धन उगाही की शिकायतें मिल रही थीं। मामले की जानकारी जिलाधिकारी को दी गई, जिस पर उन्होंने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई से व्यापारियों में संतोष है।
व्यापारी सुरक्षा पर पुलिस लाइन में बैठक

व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस लाइन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र कुमार ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और सुरक्षा व सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा तथा कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा।
इस अवसर पर अशोक केशरी, राकेश मोदनवाल, महमूद आलम, भानु यादव , राजीव विश्वकर्मा ,कुंदन चौहान सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

