चकिया (चंदौली)। कोतवाली क्षेत्र के चुप्पेपुर गांव के समीप सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। ब्रेकर पर अचानक ब्रेक लगाने से अनियंत्रित हुई मैजिक वाहन बगल से गुजर रही ऑटो पर पलट गई। हादसे में करीब 55 वर्षीय एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार तीन से चार लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

ब्रेकर पर अचानक ब्रेक बना हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मैजिक वाहन चकिया से बबूरी की ओर जा रही थी। चुप्पेपुर के पास बने ब्रेकर पर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे वाहन असंतुलित हो गया और बगल से गुजर रही ऑटो पर पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर अफरा-तफरी, राहगीरों व पुलिस ने की मदद
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई। घायलों को बाहर निकालने में ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई।

घायलों का इलाज जारी, कुछ की हालत गंभीर
घायलों को एंबुलेंस की मदद से संयुक्त जिला चिकित्सालय चकिया पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार और ब्रेकर पर अचानक ब्रेक लगाने का प्रतीत हो रहा है। मैजिक वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक चकिया नगर पंचायत क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जिसकी शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
पुलिस दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

