दो अन्य घायल, एक की हालत गंभीर, वाराणसी रेफर,
रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के पड़या गांव के समीप रविवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार खुरूहजा गांव निवासी इंदल यादव (32), रितिक सिंह (38) व नीति मौर्या (45) बुलेट बाइक से बबुरी मार्ग की ओर जा रहे थे। पड़या गांव के समीप अचानक बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिला अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने इंदल यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं नीति मौर्या की हालत नाजुक देख ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है। रितिक सिंह का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

