मुस्लिम मतदाताओं को निशाना बनाने और BLO पर दबाव का दावा

चंदौली। जनपद में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को लेकर सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के विधायक प्रभु नारायण यादव ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि फॉर्म-7 का दुरुपयोग कर वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाने की साजिश रची जा रही है। सपा का दावा है कि इस प्रक्रिया में विशेष रूप से मुस्लिम मतदाताओं और पार्टी समर्थकों को निशाना बनाया जा रहा है।

फॉर्म-7 के दुरुपयोग का आरोप
समाजवादी पार्टी नेताओं का कहना है कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कई वास्तविक और पात्र मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश की गई है। आरोप है कि भाजपा से जुड़े कुछ नेता व कार्यकर्ता गांव-गांव घूमकर फॉर्म-7 भरवा रहे हैं और मतदाताओं को नाम कटने की धमकी देकर भय का माहौल बना रहे हैं।
BLO पर दबाव बनाने का दावा
सपा विधायक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाया कि कई बूथों पर अन्यत्र भरे गए फॉर्म-7 को बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) पर अनुचित दबाव डालकर स्वीकार कराया जा रहा है। वहीं, कुछ स्थानों पर भाजपा के बूथ लेवल एजेंट (BLA) द्वारा फॉर्म-7 उपलब्ध कराने से इनकार करने की बात भी कही गई। सपा का दावा है कि इन आरोपों से जुड़े ऑडियो साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं।
डीएम से मुलाकात, निष्पक्ष जांच की मांग

इन आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से मिला और पूरे प्रकरण से संबंधित लिखित शिकायत सौंपी। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रशासन का आश्वासन
जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों की गहन जांच कराई जाएगी और नियमों के विरुद्ध कोई भी कार्य पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है।
प्रतिनिधि मंडल में शामिल
ल जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर,पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार एड, चंद्रशेखर यादव, मुसाफिर चौहान,नफीस अहमद,औसाफ अहमद गुड्डू, संतोष यादव,दिलिप पासवान सहित सैकड़ों सपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

