गोवंशों के रख-रखाव, चारा-पानी व सफाई व्यवस्था पर दिया जोर

शहाबगंज
क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव स्थित काजी हाउस गौशाला का गुरुवार को जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा ने औचक निरीक्षण किया। जहा उन्होंने गौशाला में संरक्षित गोवंशों की संख्या, उनके स्वास्थ्य, चारा-पानी, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का गहन अवलोकन किया।

लापरवाही न बरतने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीपीआरओ ने संबंधित कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि गोवंशों के रख-रखाव और देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए। उन्होंने नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त हरे चारे की उपलब्धता और स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

समयबद्ध सुधार कार्य कराने के निर्देश
डीपीआरओ ने गौशाला में आवश्यक सुधार कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश देते हुए कहा कि गौशालाओं की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संरक्षित पशुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

