फाइनल में चंदौली ने मिर्जापुर को हराकर उठाया खिताब
“खेल से बनता है अनुशासन और भाईचारा, गांव की प्रतिभाएं बड़े मंच तक पहुंचें”— रजवंत सिंह फौजी

शहाबगंज।विकासखंड के ढुन्नू गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का रविवार की देर शाम भव्य और उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रतियोगिता का समापन समाजसेवी रजवंत सिंह फौजी के कर-कमलों से हुआ। फाइनल मुकाबला मिर्जापुर और चंदौली की टीमों के बीच 25-25 सेटों का मैच खेला गया, जिसने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। पांच सेटों तक चले कड़े संघर्ष में चंदौली की टीम ने 3-2 से शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मिर्जापुर को शिकस्त दी और विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।

इस प्रतियोगिता में मुसाखाड़, बीएचयू वाराणसी, ढुन्नू ए सहित क्षेत्र के कई गांवों की टीमों ने भाग लिया। खिलाड़ियों की फुर्ती, तालमेल और खेल भावना ने प्रतियोगिता को यादगार बना दिया। मैच के दौरान दर्शकों की तालियों और उत्साहवर्धन से पूरा परिसर गूंजता रहा।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवी रजवंत सिंह फौजी ने कहा कि ग्रामीण अंचल में छिपी खेल प्रतिभाएं जब ऐसे आयोजनों के माध्यम से सामने आती हैं, तो क्षेत्र का नाम रोशन होता है। खेल से न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ती है, बल्कि आपसी भाईचारा, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना भी विकसित होती है।उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं गांवों में सकारात्मक वातावरण बनाती हैं और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। आयोजकों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इतना सफल आयोजन करना सराहनीय है और भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर होने चाहिए, ताकि ग्रामीण खिलाड़ी बड़े मंच तक पहुंच सकें।उन्होंने आयोजकों और खिलाड़ियों की सराहना करते हुए भविष्य में और बड़े स्तर पर प्रतियोगिताएं कराने का आश्वासन भी दिया।
समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को नगद पुरस्कार एवं मेडल व शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर ग्राम प्रधान राजेश सिंह यादव, मंडल अध्यक्ष रिंकू विश्वकर्मा, बिपिन चौबे, दीनबंधु विश्वकर्मा, राजीव विश्वकर्मा, भीम चौबे, पिंटू प्रजापति, रवि यादव, सुनील कन्नौजिया, रवि विश्वकर्मा, पवन पासवान, डॉ. राकेश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। मैच में रेफरी की भूमिका त्रिलोकी यादव और सागर यादव ने बखूबी निभाई।

