रेलवे ओवरब्रिज के पास से दो तस्कर गिरफ्तार, शराब की कीमत करीब 2.30 लाख
चन्दौली
थाना अलीनगर पुलिस व आरपीएफ टीम की संयुक्त कार्रवाई में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने लोको कॉलोनी स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास से 229.5 लीटर नाजायज अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई संयुक्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के क्रम में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अलीनगर अनिल कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने दबिश दी।
5 बोरियों में भरी थी अवैध अंग्रेजी शराब
पुलिस ने मौके से कुल पांच बोरियों में भरी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। इनमें 8PM गोल्ड और आफ्टर डार्क ब्रांड के कुल 1275 टेट्रा पैक (180 एमएल) शामिल हैं। कुल मात्रा 229.5 लीटर आंकी गई है।
झारखंड के रहने वाले हैं गिरफ्तार अभियुक्त
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विक्रम कुमार महतो (32 वर्ष) और पंचम कुमार महतो (20 वर्ष), निवासी जिला हजारीबाग, झारखंड के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अवैध शराब खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचने की बात स्वीकार की है।
आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज
बरामदगी के आधार पर थाना अलीनगर में मु.अ.सं. 78/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार शराब तस्करी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।



