‘ उमंग’ समारोह में नन्हे बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

शहाबगंज।
विकासखंड शहाबगंज के कम्पोजिट विद्यालय उदयपुरा में वार्षिकोत्सव “उमंग” समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह द्वारा मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों के स्वागत गीत ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
सात परिषदीय विद्यालयों में बनेंगे किचन रूम: छत्रबली सिंह
मुख्य अतिथि छत्रबली सिंह ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि विकासखंड के उन सात परिषदीय विद्यालयों में, जहां छात्रों की संख्या अधिक है, किचन रूम का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि बच्चों को बैठकर भोजन करने की बेहतर और सम्मानजनक सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में अब केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि बच्चों की मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आज का दौर कड़ी प्रतिस्पर्धा का है और शिक्षा से जुड़ने वाले बच्चे ही आगे बढ़ेंगे। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय आज प्रतिभा की नर्सरी बन चुके हैं।

बच्चों को मंच देना ही आत्मविश्वास की कुंजी
छत्रबली सिंह ने दो टूक कहा कि बच्चों को मंच देना ही उन्हें मजबूत और आत्मविश्वासी बनाने का सबसे बड़ा हथियार है। यदि बच्चे ठान लें तो किसी भी मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार: खंड शिक्षा अधिकारी
विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो रहा है। आज के बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति और सकारात्मक सहयोग की अपील की।

मेधावी छात्रों का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
इस दौरान गणित मॉडल प्रतियोगिता में जनपद स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले खुशी, अमन और शिवम को उत्साहवर्धन के लिए मेडल व शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने सरस्वती वंदना, ‘बम बम बम बोल रहा है काशी’, जय भीम, मिक्स सांग, बागड़ बिल्ला, नशा उन्मूलन सहित दर्जनों प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।
बड़ी संख्या में अभिभावक व ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान इन्दू सिंह, प्रताप नारायण सिंह, प्रधानाध्यापक वरुणेन्द्र पाठक, अजय सिंह सपना ,अमर बहादुर सिंह, संतोष त्रिपाठी, मु. जावेद खान, मेराज अहमद, विवेकानंद त्रिपाठी, सत्येन्द्र कुमार, अच्युतानंद त्रिपाठी, प्रवीण पाण्डेय, बंदना सिंह, भूपेंद्र सिंह, विकास यादव, अभिनव सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक व ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन विवेकानंद सिंह ने किया।

