विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण, बीडीओ बोले—हर शिकायत का होगा विधिक निस्तारण

शहाबगंज। विकास खंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार को सिविल जज (सीनियर डिवीजन) डॉ. इन्दु रानी की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तरीय प्री-मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंदौली के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं।
शिविर के दौरान डॉ. इन्दु रानी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के कमजोर, गरीब और जरूरतमंद वर्ग को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि न्याय सबकी पहुंच में रहे। उन्होंने लोक अदालत, पारिवारिक विवाद, भूमि प्रकरण, महिला उत्पीड़न, भरण-पोषण, उत्तराधिकार एवं अन्य मामलों में मिलने वाली कानूनी सहायता की विस्तार से जानकारी दी।

स्टॉलों का निरीक्षण कर ली योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान डॉ. इन्दु रानी ने शिविर में लगाए गए सभी विभागीय स्टॉलों पर बारी-बारी से पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, पात्र लाभार्थियों की स्थिति और मौके पर किए जा रहे पंजीकरण की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
ग्राम विकास, पंचायती राज, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, खाद्य एवं रसद, कृषि, बेसिक शिक्षा, राजस्व, महिला कल्याण, बैंकिंग, पशुपालन, बाल विकास एवं आजीविका समूह सहित विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी दी गई और मौके पर आवेदन भी स्वीकार किए गए।
खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों को संबंधित विभागों द्वारा संकलित कर ब्लॉक कार्यालय में जमा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी प्रार्थना पत्रों को सिविल जज के यहां प्रेषित कर विधिक प्रक्रिया के तहत उनका निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति शिविर में अपनी समस्या दर्ज नहीं करा सका हो तो वह ब्लॉक कार्यालय में लिखित आवेदन देकर अपनी शिकायत प्रस्तुत कर सकता है।

गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित
शिविर के दौरान बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। डॉ. इन्दु रानी ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पोषण, नियमित जांच और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी। साथ ही शिशुओं का अन्नप्राशन कर उनके स्वस्थ जीवन की कामना की। इस अवसर पर माताओं को पोषण किट वितरित की गई और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

प्री. कैम्प शिविर में मौजूद रहे लोग
इस अवसर पर एडीओ कोऑपरेटिव सुनील राज पाल, ग्राम पंचायत अधिकारी चंद्रबली सिंह, एडीओ एजी पियुष सिंह, साहब सिंह, अजय राज, शिवेंद्र सिंह, राजेश सिंह, शिवबालक यादव, रामचंद्र तिवारी, अरविंद जायसवाल, गौरव दुबे, शिवधनी गुप्ता, ओमप्रकाश पासवान, सत्येन्द्र कुमार सिंह, शमशाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ब्लॉक कर्मी मौजूद रहे।

