शहाबगंज (चंदौली)। थाना क्षेत्र के बड़ौरा चौराहे पर शुक्रवार को स्कूल बस की टक्कर से एक युवक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंहरौल निवासी 22 वर्षीय प्रकाश अपनी बाइक से इलिया की ओर से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक स्कूल बस ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही प्रकाश सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

राहगीरों की तत्परता से पहुंची एम्बुलेंस
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस की मदद से घायल युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज ले जाया गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक डा. मणिकेश सिंह ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर के अनुसार युवक के शरीर में कई जगह चोटें आई हैं, हालांकि फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।

