चालक पर नशे का आरोप

शहाबगंज। थाना क्षेत्र के बड़ौरा गांव में सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। शहाबगंज की ओर से आ रही एक स्कार्पियो ने टोटो में बैठी दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

तेज रफ्तार स्कार्पियो ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कार्पियो संख्या UP65BY0883 शहाबगंज की ओर से तेज गति से आ रही थी। जैसे ही वाहन बड़ौरा गांव के समीप पहुंचा, उसने आगे चल रहे टोटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो में बैठी सरोजा देवी (35 वर्ष) और सरिता (40 वर्ष) सड़क पर गिर पड़ीं और उन्हें गंभीर चोटें आईं।

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों घायलों को पास के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के समय स्कार्पियो का एक टायर पंचर था, इसके बावजूद चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था।
चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप, पुलिस कर रही जांच
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चालक नशे की हालत में था और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कार्पियो को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

