बकौड़ी नहर तिराहे पर घेराबंदी पुलिस पर वाहन चढ़ाने का प्रयास विफल

चंदौली। जनपद के थाना कन्दवा क्षेत्र में पुलिस ने गौतस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से 11 गोवंश बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
11 गोवंश जीवित बरामद, एक गिरफ्तार
अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम बकौड़ी नहर तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध महिन्द्रा बोलेरो पिकअप (UP67T7324) को रुकने का इशारा किया गया। चालक ने वाहन को तेज गति से भगाते हुए पुलिस टीम पर चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
वाहन की तलाशी में 11 गोवंश (6 बछड़े, 4 गाय व 1 बैल) जीवित बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्त आशीष कुमार (20 वर्ष) निवासी अनौनी अमेना, थाना खानपुर, जिला गाजीपुर बताया गया है।
पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

