पीड़ित ने थाने में दी तहरीर, पुलिस कर रही जांच
शहाबगंज (चंदौली)। क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवर पार कर दिए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

दिन में बंद घर को बनाया निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के निवासी पंकज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 18 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10 बजे अपने काम से घर से बाहर गए थे। उनकी पत्नी वाराणसी में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती थीं, जिससे घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान दोपहर लगभग 2 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़ दिया।

अलमारी का ताला तोड़कर नकदी व जेवर चोरी
पीड़ित के अनुसार चोरों ने घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे ₹52,000 नकद तथा अन्य कीमती जेवर चोरी कर लिए। घटना की जानकारी तब हुई जब वह वापस घर लौटे और दरवाजे का ताला टूटा देखा। अंदर जाकर जांच करने पर चोरी की पुष्टि हुई।

पुलिस से कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी और लिखित तहरीर सौंपकर अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है

