बहन ट्रॉमा सेंटर रेफर, क्षेत्र में शोक की लहर,

रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। जनपद के पीडीडीयू नगर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना मवई कला स्थित रिंग रोड अंडरपास के समीप हुई।
स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा
ग्राम रैना निवासी सीआरपीएफ जवान धीरज तिवारी के 14 वर्षीय पुत्र वैभव तिवारी और 12 वर्षीय पुत्री वैष्णवी सेंट मेरी कॉन्वेंट स्कूल में अध्ययनरत थे। दोनों स्कूल से छुट्टी के बाद स्कूटी से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान वाराणसी की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (BR45 P 5327) ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैभव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वैष्णवी गंभीर रूप से घायल हो गई।

पलटी स्कॉर्पियो, चालक पुलिस के हवाले
हादसे के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ट्रॉमा सेंटर रेफर, क्षेत्र में शोक
घायल छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। क्षेत्र में भी हादसे को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

