नेशनल हाईवे के सर्विस रोड से हटाया गया अतिक्रमण, प्रशासन की सख्ती,

रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। प्रदेश सरकार के निर्देश पर शुक्रवार को पुलिस-प्रशासन ने नेशनल हाईवे के सर्विस रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अचानक हुई कार्रवाई से दुकानदारों में खलबली मच गई।
सर्विस रोड के किनारे बनी नालियों और पटरियों पर किए गए कब्जों के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। इसी क्रम में राजस्व व पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया।
नायब तहसीलदार व सीओ के नेतृत्व में कार्रवाई
अभियान का नेतृत्व अंजली वर्मा नायब तहसीलदार और देवेंद्र कुमार (क्षेत्राधिकारी) ने किया। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सर्विस रोड की नालियों पर किसी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुनः अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा बुलडोजर चलाने की चेतावनी दी गई।
पीडीडीयू नगर में भी चला व्यापक अभियान
वहीं पीडीडीयू नगर में गुरुवार देर शाम नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने मुख्य सड़कों व फुटपाथों से अवैध कब्जे हटाए। अभियान का संचालन राजीव मोहन के नेतृत्व में हुआ। उनके साथ सीओ अरुण कुमार सिंह और कोतवाल संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। टीम ने जीटी रोड समेत प्रमुख बाजारों में पैदल मार्च कर दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी।

जीटी रोड बना कार्रवाई का केंद्र
जीटी रोड पर सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे हटाए गए। बाटा शोरूम के सामने खड़े दोपहिया वाहनों का चालान किया गया, जबकि कई साइकिलें जब्त कर नगर पालिका के वाहन में लाद दी गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ साइकिलों को लापरवाही से फेंके जाने पर छात्रों में आक्रोश भी देखने को मिला।
पार्किंग व्यवस्था पर उठे सवाल
कार्रवाई के दौरान बाजार में खरीदारी करने आए लोगों की बाइक भी जब्त कर थाने भेजी गईं। स्थानीय व्यापारियों ने नगर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था न होने का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि निर्धारित पार्किंग स्थल के अभाव में वाहन कहां खड़े किए जाएं, इस पर प्रशासन को स्पष्ट व्यवस्था करनी चाहिए।
रमजान के ठेलों पर भी असर
रमजान के दौरान इफ्तार और तहरी के लिए लगाए गए अस्थायी ठेलों को भी हटाया गया। प्रशासन की सख्ती को देखते हुए कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान समेट लिया।
अधिकारियों ने दोहराया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।




