मोबाइल से पहचान की कोशिश,

रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। जनपद के चकिया कोतवाली क्षेत्र के पचफेडियां गांव स्थित दमड़ी पहाड़ी पर शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास जारी है।
ग्रामीणों ने देखा शव, मची अफरातफरी
सुबह पहाड़ी की ओर गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। तत्काल इसकी जानकारी शिकारगंज चौकी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया।
मोबाइल फोन बरामद, डेटा खंगालने की तैयारी
चौकी प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि शव के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जो बंद अवस्था में मिला। उसे चार्ज कर उसके डेटा की जांच की जाएगी, ताकि मृतक की पहचान और घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। आवश्यक होने पर फोरेंसिक टीम से भी जांच कराई जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है और स्थानीय लोगों से भी सहयोग लिया जा रहा है

