मुख्यमंत्री के फैसले पर शिक्षा मित्रों में उत्साह, सरकार के निर्णय का किया स्वागत

इलिया (चन्दौली एक्सप्रेस)। विधानसभा में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षा मित्रों का मानदेय 18 हजार रुपये तथा अनुदेशकों का मानदेय 17 हजार रुपये किए जाने की घोषणा के बाद जनपद में शिक्षा मित्रों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ का प्रतिनिधि मंडल चकिया विधायक कैलाश आचार्य से मिलकर सरकार के निर्णय पर आभार जताने पहुंचा।

विधायक को माला, मिठाई और अंगवस्त्रम देकर किया सम्मान
वाराणसी मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंचे शिक्षा मित्रों ने विधायक कैलाश आचार्य को माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर तथा अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री को धन्यवाद प्रेषित करते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने से शिक्षा मित्रों का मनोबल बढ़ा है।
सरकार ने सुनी आवाज, मिला सम्मानजनक मानदेय
शिक्षा मित्रों ने कहा कि सरकार द्वारा लिया गया यह निर्णय हजारों परिवारों के लिए राहत भरा कदम है। इससे शिक्षा मित्रों को आर्थिक संबल मिलने के साथ शिक्षा व्यवस्था में और मजबूती आएगी।
संगठन के पदाधिकारी व शिक्षा मित्र रहे मौजूद
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष वाराणसी भूपेंद्र कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष ओपी सिंह, जिला संगठन मंत्री नर्वदेश्वर मिश्रा, जिला कोषाध्यक्ष बृजेश सिंह, ब्लाक अध्यक्ष शहाबगंज मनोज तिवारी, ब्लाक अध्यक्ष चकिया लालजी राम, शिक्षक नेता अजय सिंह, दीनदयाल, सुमित कुशवाहा, रमेश प्रजापति, नीतू सिंह, जामवंत मौर्य, कन्हैया गुप्ता, मकसूदन सहित बड़ी संख्या में शिक्षा मित्र मौजूद रहे।

