इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से तैयार किए थे कूट रचित दस्तावेज
चकिया/चंदौली (चन्दौली एक्सप्रेस)। बैंक से फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी के जरिए ऋण लेने वाले वांछित अभियुक्त को चकिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वर्षों पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
घर से दबोचा गया अभियुक्त
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 21 फरवरी को शाम करीब 4:30 बजे ग्राम लठौरा से अभियुक्त कमला यादव पुत्र लालबरत यादव निवासी थाना बबुरी जनपद चंदौली को उसके घर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कंप्यूटर-प्रिंटर से बनाया फर्जी कागज, बैंक से लिया ऋण
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वर्ष 2014 में बड़ौदा यूपी बैंक बड़ौझी शाखा से आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों जैसे कंप्यूटर व प्रिंटर का उपयोग कर कूट रचित दस्तावेज तैयार किए और असली के रूप में प्रस्तुत कर धोखाधड़ी से ऋण प्राप्त किया था। आरोप है कि ऋण लेने के बाद आज तक उसकी अदायगी नहीं की गई।
गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमा
अभियुक्त के खिलाफ थाना चकिया में मु0अ0सं0 132/2025 धारा 419, 420, 467, 468, 471 एवं 120बी भादवि के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम रही शामिल
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार एवं उप निरीक्षक प्रेमचन्द यादव शामिल रहे।

