डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने ली शपथ,
रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। सदर तहसील परिसर में डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि प्रशासनिक न्यायमूर्ति, उच्च न्यायालय प्रयागराज हरवीर सिंह एवं विशिष्ट अतिथि जनपद एवं सत्र न्यायाधीश दिवाकर प्रसाद चतुर्वेदी ने अध्यक्ष राजेश मिश्रा, महामंत्री सुल्तान अहमद सहित अन्य पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि ने कहा कि बार और बेंच एक सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों के समन्वय से ही पीड़ितों को त्वरित और प्रभावी न्याय मिल सकता है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के लंबे संघर्ष के फलस्वरूप सिविल न्यायालय भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है और जुलाई 2027 तक इसके पूर्ण होने की संभावना है। निर्माणाधीन न्यायालय भवन प्रदेश के लिए मिसाल बनेगा, जहां हाईटेक सुविधाओं के साथ एक ही छत के नीचे सभी न्यायिक व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी।
विशिष्ट अतिथि ने कहा कि न्यायालय भवन निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जो अब साकार हो रही है। कार्यक्रम में न्यायाधीश किरण पाल सिंह, पारितोष श्रेष्ठ, अपर जिला जज विकास वर्मा, डॉ. इंदू रानी सहित अनेक न्यायिक अधिकारी व अधिवक्ता मौजूद रहे। संचालन राजेंद्र प्रसाद पाठक ने किया।

