CO रघुराज ने सीएससी संचालकों को दिए सुरक्षा के टिप्स
शहाबगंज (चंदौली)। कस्बा स्थित सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालकों की एक अहम बैठक रविवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस क्षेत्राधिकारी रघुराज एवं थाना कार्यवाहक प्रभारी शिवानंद सिंह ने संयुक्त रूप से की। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ती चोरी व लूट की घटनाओं के मद्देनजर सीएससी केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना रहा।

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी रघुराज ने कहा कि सीएससी केंद्रों पर प्रतिदिन बड़ी मात्रा में नकद लेनदेन होता है, जिससे ये केंद्र असामाजिक तत्वों के निशाने पर आ सकते हैं। ऐसे में संचालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि जहां भी कैश का लेनदेन होता है, वहां सुरक्षित केबिन की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके।

थाना कार्यवाहक प्रभारी शिवानंद सिंह ने कहा कि यदि कोई संचालक बैंक से अधिक मात्रा में नकदी निकालने जा रहा हो तो इसकी पूर्व सूचना थाने को दें। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे बैंक से केंद्र या घर तक धनराशि सुरक्षित पहुंचाई जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी ग्राहक के साथ बड़ी धनराशि का लेनदेन हो रहा हो तो ऐसी स्थिति में भी पुलिस को सूचित करें, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने संचालकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें। बैठक में उपनिरीक्षक शिवपुजन सिंह सहित सीएससी संचालक कुंदन चौहान, गौरव सिंह, संजीव कुमार, मिथिलेश मौर्य, अनुराधा गुप्ता, आशुतोष मौर्या व अन्य संचालक उपस्थित रहे।

