मुखबिर की सूचना पर हाईवे किनारे खड़े संदिग्ध वाहनों पर छापा, बिना नंबर प्लेट वाहन भी कब्जे में
चन्दौली एक्सप्रेस ब्यूरो | सैयदराजा (चन्दौली)
जनपद में गोतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैयदराजा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्ध पिकअप वाहनों से कुल 18 राशि गोवंश बरामद करते हुए गोवध निवारण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, जेठमलपुर के पास मिली सफलता

पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर गोतस्करी में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) व क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चेकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भारत पेट्रोलियम पंप के सामने एनएच-2 हाईवे की उत्तरी लेन पर जेठमलपुर तिराहे से करीब एक किलोमीटर पहले दो संदिग्ध वाहन खड़े हैं। सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस टीम ने ग्राम जेठमलपुर के पास दोनों वाहनों की तलाशी ली।
बिना नंबर प्लेट वाहन समेत दो पिकअप पकड़ी गई

चेकिंग के दौरान पुलिस ने बोलेरो पिकअप वाहन संख्या BR45GA8494 तथा एक बिना नंबर प्लेट की बोलेरो पिकअप (चेचिस नंबर MA1RA2TTKS1M56146) को कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल 18 राशि गोवंश बरामद किए गए।
एक गाय मृत अवस्था में मिली
बरामद गोवंशों में 15 गाय और 03 बछड़े शामिल हैं, जिनमें एक गाय मृत अवस्था में पाई गई। पुलिस के अनुसार पशुओं को क्रूरता पूर्वक ठूंसकर ले जाया जा रहा था।
गोवध निवारण अधिनियम समेत कई धाराओं में मुकदमा
बरामदगी के आधार पर थाना सैयदराजा में मु0अ0सं0 62/2026 के तहत धारा 3/5A/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम, धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा धारा 325 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा, उपनिरीक्षक संतोष तिवारी, हेड कांस्टेबल नसिरुद्दीन मोहम्मद हुमायूं, कांस्टेबल शंकर राम, बृजेश चौहान, चालक कांस्टेबल गुंजन तिवारी, मनीराम दूबे तथा संतोष कुमार यादव शामिल रहे।

