लक्ष्य के अनुरूप कार्य न करने पर होगी कार्रवाई : एडीएम,
रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में कर, करेत्तर, राजस्व संग्रह एवं प्रवर्तन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
पांच वर्ष से अधिक लंबित वादों का करें प्राथमिकता से निस्तारण

अपर जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को निर्देश दिया कि न्यायालयों में पांच वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अनावश्यक देरी से आमजन को परेशानी होती है और प्रशासन की कार्यप्रणाली प्रभावित होती है।
मंडी, आबकारी, परिवहन व खनन विभाग की समीक्षा
बैठक में मंडी, आबकारी, परिवहन, खनन, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग की वसूली और प्रवर्तन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। एडीएम ने कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करें, ताकि सरकारी राजस्व में वृद्धि हो सके। राजस्व में गिरावट पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
पीएम आवास (शहरी) में लापरवाही पर सख्ती
पीएम आवास (शहरी) योजना की समीक्षा करते हुए अधूरे आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा निर्माण कार्य प्रारंभ न करने वाले लाभार्थियों से वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एडीएम ने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर दिया।
डाटा फीडिंग व तकनीकी कार्यों की स्वयं करें निगरानी
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागों में डाटा फीडिंग जैसे तकनीकी कार्यों की नियमित निगरानी करें। निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कर गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा, उप निदेशक कृषि भीमसेन, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक संभागीय अधिकारी सर्वेश गौतम, डिप्टी आरएमओ राधवेंद्र सिंह, उपायुक्त उद्योग, मंडी सचिव, नगर पालिका/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

