मुस्तफापुर व सुल्तानपुर में कार्रवाई के निर्देश,
रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। सदर विकासखंड सभागार में सोमवार को सोशल ऑडिट ब्लॉक सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सोशल ऑडिट के दौरान प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा करते हुए उनके निस्तारण की कार्रवाई की गई।
बैठक में कुल 326 आपत्तियों पर विचार किया गया, जिनमें से छह ग्राम पंचायतों में वित्तीय अनियमितता पाई गई। जांच के दौरान ग्राम पंचायत मुस्तफापुर और सुल्तानपुर में पाई गई अनियमितताओं पर जिला विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अन्य ग्राम पंचायतों से संबंधित सामान्य शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही संबंधित सचिव और तकनीकी सहायक से कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में खंड विकास अधिकारी प्रकाश प्रसाद, धनंजय सिंह, अश्वनी सिंह, आरबी यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

