डीडीओ सपना अवस्थी ने शहाबगंज ब्लॉक में दी जानकारी, रिकवरी के आदेश जारी
शहाबगंज (चंदौली)। जिला विकास अधिकारी सपना अवस्थी ने बुधवार को शहाबगंज ब्लॉक कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि सोशल ऑडिट के दौरान जिगना, मुबारकपुर, पालपुर, बयापुर, लटांव, जेगुरी, मंगरौर, नौडीहा सहित कुल 20 ग्राम पंचायतों में वित्तीय व अभिलेखीय अनियमितताएं पाई गई हैं। जांच में कार्यों के निष्पादन, अभिलेखों के संधारण और व्यय विवरण में गड़बड़ियां सामने आई हैं।
उन्होंने कहा कि संबंधित ग्राम पंचायतों में जिन कार्यों में अनियमितता की पुष्टि हुई है, वहां जिम्मेदरानो के विरुद्ध रिकवरी (वसूली) के आदेश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आपत्तियों का निस्तारण किया जाए। जिन ग्राम पंचायतों द्वारा अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए हैं, उन्हें नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
डीडीओ ने दो टूक कहा कि विकास योजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या वित्तीय अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में चयनित गांवों में होंगे विकास कार्य
सपना अवस्थी ने बताया कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत शहाबगंज क्षेत्र के रामपुर, खिलची, अर्जी कला, गोविंदीपुर सहित करीब आधा दर्जन राजस्व गांवों का चयन किया गया है। इन चयनित गांवों में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से सड़क, नाली, सामुदायिक भवन, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य चयनित गांवों को आदर्श स्वरूप प्रदान करना है, ताकि वहां मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ हों और ग्रामीणों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके।
इस दौरान खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह, प्रेम प्रकाश आर्या सहित ब्लॉक के कर्मचारी व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

