एनएच पार करते समय हुआ हादसा, उपचार के दौरान ट्रामा सेंटर में तोड़ा दम,
रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के जनसों की मड़ई के समीप बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 61 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान रामनरेश यादव की पत्नी प्रभावती देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया गया कि प्रभावती देवी नेशनल हाईवे पार कर कहीं जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार वैगनार कार का चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजन व स्थानीय लोगों ने उन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अलीनगर प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।

