तीन आरोपित गिरफ्तार, दो बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में; दो मोटरसाइकिल जब्त
चंदौली। थाना मुगलसराय पुलिस ने झपटमारी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 मोबाइल फोन, एक पीली धातु का मंगलसूत्र करीब 44 ग्राम, 23 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल
एचएफ डिलक्स व टीवीएस स्पोर्ट) बरामद की हैं।
मुखबिर की सूचना पर इंडस्ट्रियल एरिया में घेराबंदी
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। 22 फरवरी को ग्राम हमीदपुर में महिला से मोबाइल झपटमारी की घटना में शामिल आरोपी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पराग डेयरी मार्ग की ओर होने की सूचना मिली।
वीडीए कॉलोनी की तरफ से दो बाइकों पर सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो वे भागने लगे। पीछा करने पर एक बाइक सवार गिर पड़ा, जिसे घेरकर पकड़ा गया।
तलाशी में मिली बड़ी बरामदगी
पूछताछ व तलाशी में लक्ष्मण , विशाल उर्फ कतवारू और अजय निवासी जाल्होपुर रमना, थाना चौबेपुर, जनपद वाराणसी समेत दो बाल अपचारियों के पास से मोबाइल, नकदी व आभूषण बरामद हुए। पुलिस जांच में बरामद वन प्लस फोन, मोटोरोला फोन, 20 हजार व 3 हजार रुपये अलग-अलग कई मुकदमों से संबंधित पाए गए।
अन्य 15 मोबाइल फोन (10 एंड्रॉयड, 5 कीपैड) व दो मोटरसाइकिल कब्जे में लेकर आरोपियों को विधिक कार्यवाही हेतु हिरासत में लिया गया।
शादी समारोह और सड़क पर की थी वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 10 फरवरी को कृष्णा पैलेस मैरिज हाल, नई बस्ती मुगलसराय में एक महिला का बैग चोरी किया था, जिसमें 20 हजार नकद, मोबाइल व मंगलसूत्र था। 22 फरवरी को हमीदपुर में महिला से मोटोरोला मोबाइल छीना। वहीं 24 फरवरी को जीटी रोड पर एक व्यक्ति का ओप्पो मोबाइल झपटकर 5 हजार में बेच दिया, जिसमें से 2 हजार रुपये खर्च कर शेष रकम आपस में बांट ली।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
मुख्य आरोपी लक्ष्मण पर जौनपुर व चंदौली में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों पर भी बीएनएस की धाराओं में मुकदमे पंजीकृत हैं।
पुलिस अन्य बरामद मोबाइल व मोटरसाइकिल के संबंध में जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में थाना मुगलसराय की पूरी टीम शामिल रही।




