घर-घर जलेगा शिक्षा का दीप, बच्चों को स्कूल भेजने का चलेगा अभियान
शहाबगंज (चंदौली)। ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) शहाबगंज में सोमवार को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शैक्षिक सत्र 2025–26 के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया और शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। संगोष्ठी में नोडल प्रधानाध्यापक, ग्राम प्रधान, स्थानीय जनप्रतिनिधि और शिक्षकों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षिक योजनाओं की जानकारी दी गई।
कांवेंट से आगे निकले परिषदीय स्कूलों के बच्चे : कैलाश आचार्य

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के बच्चे आज प्रतिभा के मामले में कांवेंट स्कूलों के छात्रों से भी आगे निकल रहे हैं, जिसका श्रेय शिक्षकों की मेहनत को जाता है। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।
घर-घर जलेगा शिक्षा का दीप, बच्चों को स्कूल भेजने का अभियान

विधायक ने कहा कि आगामी सत्र में एक अप्रैल से शिक्षक, ग्राम प्रधान और जनप्रतिनिधि मिलकर गांव-गांव और घर-घर जाकर शिक्षा का दीप जलाने का अभियान चलाएंगे। इस दौरान अभिभावकों को जागरूक कर अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) में सफल मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।
अच्छी शिक्षा से ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण

विशिष्ट अतिथि एसआरवीएस के डायरेक्टर श्याम जी सिंह ने कहा कि मजबूत राष्ट्र के निर्माण की नींव अच्छी शिक्षा से ही पड़ती है। उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों में अपार प्रतिभा है, जरूरत उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर देने की है। शिक्षकों को बच्चों में अनुशासन, संस्कार और आत्मविश्वास विकसित करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर दिया जोर

खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा विभाग की योजनाओं का सही क्रियान्वयन होने से गांव स्तर पर शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि बाल वाटिका, निपुण भारत मिशन और सर्व शिक्षा अभियान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों के बुनियादी ज्ञान और कौशल को मजबूत किया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रधान संघ जिलाध्यक्ष पवन प्रताप सिंह, प्रधान राधाकृष्णन मालवीय, मुन्ना भास्कर, सिरताज अंसारी, शिक्षक भूपेन्द्र सिंह, मनोज तिवारी, राजेश यादव, संतोष त्रिपाठी, विजई प्रसाद, विवेकानंद त्रिपाठी, अब्दुल समद, उषा सिंह, केशरी नंदन जायसवाल, चंचल सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रधानाध्यापक, शिक्षक व स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अजय सिंह ‘सपना’ ने किया।




