परमन्दापुर तिराहा और कस्बा इलिया से कुल 31 लीटर देशी व 5.25 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद
इलिया : थाना इलिया पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 31 लीटर अवैध देशी शराब और 5.25 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ऑटो से 27 लीटर अवैध देशी शराब बरामद
पहली कार्रवाई में पुलिस ने 09 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर परमन्दापुर तिराहा के पास चेकिंग के दौरान एक ऑटो से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने ऑटो संख्या UP67BT4635 से तीन पेटियों में रखे 135 ब्ल्यू लाइम देशी शराब के टेट्रा पैक (प्रत्येक 200 एमएल) बरामद किए। कुल मिलाकर 27 लीटर अवैध देशी शराब बरामद हुई।
इस मामले में पुलिस ने गंगेश पाण्डेय उर्फ लल्ला निवासी ग्राम रोहाखी थाना इलिया, जनपद चन्दौली (उम्र करीब 22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 17/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद ऑटो को भी 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
कस्बा इलिया से तीन युवक शराब के साथ गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने कस्बा इलिया क्षेत्र से एक सफेद प्लास्टिक की बोरी में रखी अवैध शराब के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान बोरी से 20 टेट्रा पैक ब्ल्यू लाइम देशी शराब (200 एमएल) यानी करीब 4 लीटर तथा 7 बोतल अंग्रेजी शराब रॉयल स्टेज (750 एमएल) यानी 5.25 लीटर बरामद हुई।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लव पटेल (24 वर्ष), राजन कुमार पुत्र (18 वर्ष) और ललित कुमार मौर्या (27 वर्ष) निवासी ग्राम शिव थाना भभुआ जिला कैमूर (बिहार) के रूप में हुई। तीनों के खिलाफ मु0अ0सं0 18/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी
इलिया पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
थानाध्यक्ष चन्दन राय ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




