पीडीडीयू नगर के सिद्धार्थपुरम कॉलोनी में चोरी की वारदात, पुलिस जांच में जुटी
रिपोर्ट मनोज सिंह चंदौली
पीडीडीयू नगर कोतवाली क्षेत्र के चंदासी पुलिस चौकी अंतर्गत सिद्धार्थपुरम कॉलोनी में चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए करीब ढाई लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। गुरुवार की सुबह जब मकान मालिक परिवार के साथ घर लौटे तो घर की स्थिति देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। चोरी की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
घर बंद कर परिवार के साथ बाहर गए थे मकान मालिक
सिद्धार्थपुरम कॉलोनी निवासी राजेश जायसवाल, जो आरओ वाटर का कार्य करते हैं, अपने परिवार के साथ घर बंद कर बाहर गए हुए थे। देर होने के कारण वह पड़ाव स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर रुक गए। गुरुवार सुबह जब वह अपने सिद्धार्थपुरम स्थित घर पहुंचे और मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में सामान बिखरा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए।
ढाई लाख नकद, जेवरात और मोबाइल चोरी
पीड़ित के अनुसार चोर घर में रखे करीब ढाई लाख रुपये नकद, एक हार, चार पायल और दो मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना पर पुलिस टीम डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।




