जेसीबी से जाम ह्यूम पाइप उखड़वाया, नालियों की सफाई में तेजी लाने का एसडीएम ने दिया था निर्देश
चंदौली एक्सप्रेस
शहाबगंज चंदौली
विकासखंड शहाबगंज अंतर्गत पहाड़पुर-गोविंदीपुर मार्ग पर जल निकासी बाधित होने की समस्या को लेकर किसानों द्वारा किए गए प्रदर्शन के दूसरे दिन प्रशासन हरकत में आया। मंगलवार को खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर जाम पड़े ह्यूम पाइप का निरीक्षण किया और जेसीबी मशीन मंगाकर उसे उखड़वाकर जल निकासी का रास्ता साफ कराया।
बताया गया कि क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी खेतों में जमा हो रहा था। इससे किसानों की फसलों को नुकसान होने की आशंका बनी हुई थी। समस्या के समाधान की मांग को लेकर किसान विकास मंच के नेतृत्व में ग्रामीणों और किसानों ने 31 अगस्त को प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के अगले ही दिन एक सितंबर को करीब 11 बजे प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बाढ़ निवारण का कार्य शुरू करा दिया।

इस दौरान उपजिलाधिकारी विकास मित्तल ने भी मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ निवारण के लिए नालियों की सफाई का कार्य तत्काल तेज करने का निर्देश दिया, ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता रितेश विश्वकर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का अवलोकन किया।
प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई किए जाने पर मौके पर भारी संख्या में मौजूद किसानों और ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह तथा उपजिलाधिकारी विकास मित्तल का आभार जताया। किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने जिलाधिकारी चंदौली को भी समस्या के समाधान के लिए धन्यवाद संदेश दिया।
कार्यक्रम में राम अवध सिंह, रजनीकांत सिंह, मंटू सिंह, रिट्टू सिंह, सर्वेश सिंह, अनिल सिंह, श्रीराम बिंद, ग्राम प्रधान रमेश पासवान, राधे बिंद, सच्चन बिंद, श्याम बिहारी सिंह, मनोहर सिंह, फुंटेश सिंह, टुनटुन सिंह, कुद्दन पांडेय, पप्पू चौहान, सुधाकर पांडेय, गल्लू सिंह, रामवृक्ष चौहान सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।



