विधायक के आदेश को नहीं मानते चंदौली के CMO
शहाबगंज।
स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में लंबे समय से बंद पड़ी हेल्थ एटीएम मशीन को चालू कराने के लिए क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य द्वारा दिए गए निर्देश के बावजूद एक माह बीत जाने के बाद भी मशीन शुरू नहीं हो सकी है।इससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच की सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
बताया जाता है कि करीब एक माह पूर्व क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से मोबाइल फोन पर वार्ता कर शहाबगंज पीएचसी में रखी हेल्थ एटीएम मशीन को जल्द चालू कराने का निर्देश दिया था।इस दौरान सीएमओ ने विधायक को एक सप्ताह के भीतर मशीन चालू कराने का आश्वासन दिया था। आश्वासन के बाद क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी थी कि अब उन्हें एक ही स्थान पर कम समय में कई प्रकार की स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल सकेगी।
।हेल्थ एटीएम मशीन के माध्यम से वजन, लंबाई,बीएमआई,बॉडी फैट, शरीर का तापमान,रक्तचाप, ऑक्सीजन स्तर,पल्स रेट, ब्लड शुगर,हीमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल सहित कई जांच की सुविधा उपलब्ध हो सकती है।इसके अलावा यूरिक एसिड,डेंगू,मलेरिया, टाइफाइड,ईसीजी,फेफड़ों की क्षमता और आंखों की रोशनी जैसी जांच भी मशीन के माध्यम से किए जाने का दावा है।मशीन चालू होने से ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को छोटी-छोटी जांच के लिए निजी पैथोलॉजी सेंटरों का चक्कर लगाने से राहत मिल सकती है।लेकिन एक सप्ताह में मशीन चालू कराने का आश्वासन अब एक माह बाद भी धरातल पर नहीं उतर सका है।इससे लोगों में नाराजगी के साथ ही विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब क्षेत्रीय विधायक द्वारा स्वयं सीएमओ से वार्ता कर मशीन चालू कराने का निर्देश दिया गया था और विभाग के उच्चाधिकारी ने समय सीमा भी तय की थी,तो इसके बावजूद अब तक मशीन का संचालन क्यों नहीं शुरू हुआ?
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों के निर्देश के बाद भी यदि अधिकारियों द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती है तो इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ता है।लंबे समय से पीएचसी में रखी नई हेल्थ एटीएम मशीन अब लोगों के लिए सुविधा के बजाय सवाल बनती जा रही है।अब क्षेत्र के लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि शहाबगंज पीएचसी में बंद पड़ी हेल्थ एटीएम मशीन आखिर कब चालू होगी और ग्रामीणों को इसका लाभ कब मिलेगा?



