गोताखोरों की मदद से हुई तलाश, परिजनों के आने के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
शहाबगंज । स्थानीय थाना क्षेत्र के तियरां गांव के समीप स्थित लेफ्ट कर्मनाशा नहर में एक बिना नंबर की स्कूटी मिलने के बाद युवक के डूबने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सूर्य प्रकाश मौर्य (24 वर्ष) पुत्र जयप्रकाश मौर्य, निवासी चेरा के पूरा रैपुरिया, चुनार (जनपद मिर्जापुर) परिजनों के अनुसार घर से बिना बताए निकला था। उसकी स्कूटी नहर मे मिलने के बाद से परिजनों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
स्कूटी में मिले कागज से हुई पहचान

नहर से निकाली गई स्कूटी पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस द्वारा स्कूटी की तलाशी लेने पर उसमें से स्कूटी के कागजात मिले, जिसमें युवक के पिता का नाम और पता दर्ज था। उसी आधार पर उसकी पहचान सूर्य प्रकाश के रूप में की जा रही है। कागज में दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला।
गोताखोरों की मदद से की गई तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में युवक की तलाश कराई। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद नहर में युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने बताया कि नहर में गोताखोरों की मदद से खोजबीन कराई गई है, लेकिन अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। उन्होंने बताया कि युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे मौके पर आ रहे हैं। परिजनों के आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और स्थानीय लोग युवक के नहर में डूबने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।



