एनएच-19 भतीजा अंडरपास के पास से मेरठ निवासी वांछित अभियुक्त को पुलिस ने पकड़ा
चंदौली। जनपद में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैयदराजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गोवध के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे द्वारा जनपद में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर तथा क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के कुशल पर्यवेक्षण में थाना सैयदराजा पुलिस टीम सक्रिय रूप से वांछित अपराधियों की तलाश कर रही थी। थाना प्रभारी सैयदराजा अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि गोवध के मुकदमे में वांछित आरोपी क्षेत्र में देखा गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रविवार को घेराबंदी करते हुए एनएच-19 हाईवे पर स्थित भतीजा अंडरपास के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मजीद पुत्र जफर निवासी बेहरौरा मछरा थाना तिठोर जिला मेरठ के रूप में हुई है। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
बताया गया कि दिनांक 13 जनवरी 2025 को थाना सैयदराजा में मुकदमा संख्या 06/2025 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। उस समय पुलिस ने ट्रक संख्या UP15DT2696 से कुल 25 गोवंश बरामद किए थे। मौके से पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी मजीद फरार हो गया था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी पर गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5A/5B/8 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत मामला दर्ज है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। आखिरकार मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
गिरफ्तारी के बाद आरोपित को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद, हेड कांस्टेबल नसीरुद्दीन हुमायूं तथा कांस्टेबल राजू सिंह शामिल रहे।



