40 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्ती
चकिया चंदौली: उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जनपद चंदौली में बेरोजगार युवाओं के लिए एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला 18 मार्च 2026 को द्विवेदी प्राइवेट आईटीआई परिसर, अहरौरा रोड चकिया में आयोजित होगा। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में निजी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।

जिला सेवायोजन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस रोजगार मेले में बेरोजगार अभ्यर्थी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को पहले सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर अपना पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद अभ्यर्थी मेले से संबंधित जानकारी प्राप्त कर आवेदन कर सकेंगे।
रोजगार मेले में डी सेट्स, फेम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, एरिको, ओवर ड्राइव इलेक्ट्रॉनिक्स, बेलांग कनेक्टिविटी प्राइवेट लिमिटेड, इन्फोकस, जुपिटर लैमिनेट्स, नावा इंटरनेशनल, अशोक लीलैंड, सुब्रास लिमिटेड, एसआईएस (सिक्योरिटी गार्ड), रिकल इंडिया इंटरनेशनल, पेरिग्रिन सिक्योरिटी गार्ड, विजन एचआर सर्विसेज समेत 40 से अधिक कंपनियां भाग लेंगी। इन कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों की योग्यता और अनुभव के आधार पर विभिन्न पदों के लिए चयन किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थी अपने साथ शैक्षिक प्रमाण पत्रों की मूल प्रतियां, अंकपत्र, बायोडाटा तथा चार पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य लेकर आएं। अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे तक आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा। इसके लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
इस रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीटेक, डिप्लोमा, आईटीआई तथा कौशल विकास मिशन के विभिन्न ट्रेडों से उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।



