स्वाट व सर्विलांस टीम ने 15 दिन में तीन ट्रकों से 2587 पेटी शराब पकड़ी, अधिकारियों ने की सराहना
चंदौली। जनपद में अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्वाट व सर्विलांस टीम ने महज 15 दिनों के भीतर लगातार तीन बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए करोड़ों रुपये की अवैध शराब बरामद की है। टीम की इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों ने प्रसन्नता जताते हुए 50 हजार रुपये के नगद इनाम से सम्मानित किया है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में की गई। अधिकारियों ने टीम की सक्रियता, सतर्कता और उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना की।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, स्वाट व सर्विलांस टीम ने 02 मार्च 2026 को एक ट्रक से बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की थी। यह शराब आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी। इस कार्रवाई में कुल 1028 पेटी शराब बरामद हुई, जिसकी मात्रा 9198.8 लीटर तथा अनुमानित कीमत करीब 1.68 करोड़ रुपये आंकी गई।
सके बाद 09 मार्च 2026 को टीम ने एक और बड़ी सफलता हासिल की। इस बार एक ट्रक में कागज की गट्ठरों के नीचे छिपाकर दादरी (नोएडा) से बिहार ले जाई जा रही 849 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। बरामद शराब की मात्रा 7473.6 लीटर रही, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.40 करोड़ रुपये बताई गई।
इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए 14 मार्च 2026 को तीसरी कार्रवाई में पुलिस टीम ने एक ट्रक से 710 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी। यह शराब पुट्टी की बोरियों के पीछे छिपाकर नोएडा से बिहार ले जाई जा रही थी। इस कार्रवाई में बरामद शराब की मात्रा 6325.92 लीटर रही, जिसकी कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये आंकी गई।
इन तीनों कार्रवाइयों को मिलाकर पुलिस ने कुल 2587 पेटी यानी 22999.32 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 4.28 करोड़ रुपये है। इस दौरान पुलिस ने तस्करी में संलिप्त कई अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार के अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अन्य टीमों को भी इस तरह की कार्रवाई से प्रेरणा लेने की बात कही गई है।
उल्लेखनीय है कि चंदौली जनपद बिहार सीमा से सटा हुआ है, जिसके कारण यहां अवैध शराब तस्करी की गतिविधियां अक्सर देखने को मिलती हैं। ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई न केवल तस्करों के लिए सख्त संदेश है, बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।
पुलिस विभाग ने स्वाट व सर्विलांस टीम के साहस, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें 50 हजार रुपये के नगद इनाम से पुरस्कृत किया है। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह की प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।




