चकिया में रोजगार मेले की धूम: सैकड़ों युवाओं को मिला नौकरी का सुनहरा अवसर
चकिया चंदौली। उ0प्र0 रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय चंदौली द्वारा 18 मार्च 2026 को द्विवेदी प्राइवेट आईटीआई परिसर, अहिरौरा रोड, चकिया में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 30 कंपनियों ने प्रतिभाग किया और बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए गए।
इस रोजगार मेले में कुल 648 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों द्वारा जॉब ऑफर दिया गया। इनमें हिडाल्को द्वारा 21, अशोक लीलैंड द्वारा 19, मिंडा द्वारा 10, टाटा मोटर्स द्वारा 111, आईसीआईसीआई बैंक द्वारा 14, एलआईसी द्वारा 10, सुब्रोश द्वारा 9 और एसआईएस सिक्योरिटी द्वारा 33 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

मेले में लगभग 1500 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग कर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ चकिया विधायक कैलाश आचार्य द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उन्होंने युवाओं को रोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह तथा पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य शिवमंगल बियार की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

जिला सेवायोजन अधिकारी गिरीश कुमार गुप्ता ने अभ्यर्थियों को तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों के संबंध में मार्गदर्शन दिया और उनकी योग्यता के अनुसार कंपनियों में साक्षात्कार के लिए प्रेरित किया।
मेले के सफल आयोजन में डीसी मनरेगा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, खंड विकास अधिकारी चकिया, क्षेत्राधिकारी चकिया सहित द्विवेदी आईटीआई के प्रबंधक सुरेन्द्र द्विवेदी एवं रोशन द्विवेदी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



