पालपुर के पास नहर में पलटा ऑटो, बड़ा हादसा टला
शहाबगंज (चंदौली): क्षेत्र के सैदुपुर से कटवां की ओर जा रहे एक ऑटो के नहर में पलटने का मामला सामने आया है। घटना पालपुर-मनकपड़ा चौराहे के पास बने पुल के समीप देर शाम की बताई जा रही है। हादसे में ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक राम अवतार बाल-बाल बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राम अवतार अपना ऑटो लेकर सैदुपुर से कटवां की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह पालपुर-मनकपड़ा चौराहे के पास पुल के समीप पहुंचा, सामने से आ रही एक गाड़ी के डीपर (हाई बीम) की तेज रोशनी उसकी आंखों पर पड़ी। इससे चालक संतुलन खो बैठा और ऑटो अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और किसी तरह चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो को भी नहर से बाहर निकाला गया।
राहगीरों का यह भी आरोप है कि ऑटो चालक नशे की हालत में था, जिसके चलते वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह दुर्घटना हो गई। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना के बाद कुछ देर तक पुल के पास लोगों की भीड़ जुटी रही। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और वाहन चालकों से भी अपील की कि रात के समय हाई बीम का प्रयोग सावधानी से करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।




