साथी सिपाही पर गंभीर आरोप, सीसीटीएनएस कक्ष में हुई घटना से मचा हड़कंप
चंदौली। जिले की सदर कोतवाली में तैनात एक महिला कांस्टेबल के साथ अभद्रता का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने ही विभाग के एक सिपाही पर छेड़खानी और बदसलूकी का आरोप लगाया है। शुरुआत में मामले को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन अंततः पुलिस अधीक्षक (एसपी) के हस्तक्षेप के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे की है। महिला सिपाही अपनी छोटी बच्ची को दूध पिलाने के लिए कोतवाली परिसर स्थित CCTNS कक्ष में गई थी। इसी दौरान क्वार्टर गार्ड पर तैनात सिपाही अमित कुमार वहां पहुंच गया।
आरोप है कि सिपाही ने कमरे में घुसकर महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। महिला ने विरोध किया, लेकिन आरोपी ने बदतमीजी जारी रखी।
शिकायत करने पहुंची पीड़िता को ही मिला ‘समझौते’ का दबाव
घटना के बाद पीड़िता न्याय के लिए एसपी कार्यालय पहुंची। वहां भी उसे राहत मिलने के बजाय विभागीय दबाव का सामना करना पड़ा। आरोप है कि मौके पर मौजूद कुछ दरोगा और इंस्पेक्टर उसे शिकायत न करने और मामला रफा-दफा करने की सलाह देते रहे।
इस दौरान पीड़िता भावुक हो गई और उसकी आंखों से आंसू भी छलक पड़े, लेकिन उसने हार नहीं मानी और अपनी शिकायत पर अडिग रही।
एसपी के सख्त रुख के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
मामला जब पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आया तो उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सदर कोतवाली में आरोपी सिपाही अमित कुमार के खिलाफ अपराध संख्या 0112/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 में मुकदमा दर्ज किया गया।
महिला सुरक्षा के दावों पर उठे सवाल
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब प्रदेश में ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत महिला सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। लेकिन पुलिस विभाग के भीतर ही महिला कर्मियों को असुरक्षित महसूस होना और शिकायत दर्ज कराने में संघर्ष करना, व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



