वर्दी की गरिमा तार-तार: नशे में सिपाही की करतूत से पुलिस विभाग पर उठे सवाल
शहाबगंज/चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र में डायल 112 पर तैनात सिपाही विजय कुमार का नशे में धुत होकर दुकानदार से अभद्रता और धमकी देने का वीडियो वायरल होने के बाद प्रभारी निरीक्षक 112 ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसका तत्काल स्थानांतरण शहाबगंज से नौगढ़ थाने पर कर दिया है। इस कार्रवाई के साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

बताया जा रहा है कि सिपाही विजय कुमार ड्यूटी के बाद कथित रूप से शराब के नशे में एक स्थानीय दुकान पर पहुंचा। वहां उसने दुकानदार से सामान लिया, लेकिन पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। जब दुकानदार ने बिना पैसे के सामान देने से मना किया, तो सिपाही आपा खो बैठा और वर्दी का रौब दिखाते हुए उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सिपाही ने दुकानदार पर दबाव बनाने की कोशिश की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया, जिससे मामला और अधिक बिगड़ने से बच गया।
इस पूरे घटनाक्रम को आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सिपाही नशे में धुत है, उसकी जुबान लड़खड़ा रही है और वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा का विषय बन गया है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में जनपद में पुलिसकर्मियों के अनुशासनहीन व्यवहार के कई मामले सामने आए हैं, जिससे विभाग की छवि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की जवाबदेही और कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।



