शॉर्ट सर्किट से दूसरी मंजिल पर भड़की आग, लाखों का सामान जलकर राख
इलिया (चंदौली): चकिया थाना क्षेत्र के सरैया गांव में बुधवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण कपिल देव केसरी के दो मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा कीमती सामान जलकर राख हो गया।
बताया जाता है कि सुबह करीब 9 बजे अचानक मकान के ऊपरी हिस्से से धुआं उठता देख परिजन घबरा गए। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग तेजी से फैलने लगी। घर में रखी वाशिंग मशीन, कूलर, कुर्सियां, पर्दे, साड़ियां और बच्चों के कपड़े सहित अधिकांश घरेलू सामान आग की भेंट चढ़ गया।
शोर सुनकर और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। बिना समय गंवाए लोगों ने टुल्लू पंप और सबमर्सिबल के जरिए पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों की एकजुटता और तत्परता के चलते करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

इस दौरान सबसे राहत की बात यह रही कि मकान के नीचे स्थित कपड़ों की दुकान तक आग नहीं पहुंच सकी। यदि आग नीचे तक फैल जाती, तो नुकसान कई गुना बढ़ सकता था। ग्रामीणों की सतर्कता और सामूहिक प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई थी, लेकिन दमकल विभाग की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी। जब तक आग पर काबू पा लिया गया, तब तक फायर ब्रिगेड की आवश्यकता समाप्त हो चुकी थी, जिसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें आने से मना कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में विद्युत सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता देखी जा रही है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि जर्जर तारों और लापरवाही पर ध्यान देते हुए समय रहते सुधारात्मक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।




