विधायक कैलाश आचार्य ने स्टॉलों का निरीक्षण कर परखी योजनाओं की हकीकत
शहाबगंज (चंदौली):केंद्र सरकार के 11 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को विकास खंड परिसर में योजनाओं पर विचार गोष्ठी एवं संवाद सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक कैलाश आचार्य उपस्थित रहे।
स्टॉलों पर उमड़ी भीड़

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी रही। ग्राम विकास, पंचायती राज, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृषि, राजस्व, महिला कल्याण, बाल विकास, मिशन शक्ति एवं पशुपालन विभागों ने अपनी-अपनी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
विधायक ने योजनाओं के क्रियान्वयन की ली जानकारी

विधायक कैलाश आचार्य ने स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
“हर पात्र तक पहुंचे योजनाओं का लाभ” – विधायक
विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाएं गरीब, किसान और जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि बिना भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता व गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए और ग्रामीणों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
खंड विकास अधिकारी ने दी जानकारी
खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए ब्लॉक स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों से आमजन को योजनाओं की सही जानकारी मिलती है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी संभव हो पाता है। उन्होंने अधिकारियों को गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया।
गोद भराई व अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन

कार्यक्रम के दौरान बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित कर स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता प्रदान की गई।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे अधिकारी व ग्रामीण
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख गीता देवी,एडीओ पंचायत अरविंद कुमार सिंह,जिला पंचायत सदस्य आजाद राम,एडीओ कोऑपरेटिव सुनील राज पाल, एडीओ एजी पियुष सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी चंद्रबली सिंह, अजय राज, शिवेंद्र सिंह, राजेश सिंह, प्रेम प्रकाश आर्य, रौशन जमीर,अमर सिंह,रासूचित दुबे,अजय सिंह सपना,विजय कुमार, धर्मराज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी व क्षेत्रीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




