प्रेम प्रसंग में बना कातिलाना साजिश: पत्नी ने ननदोई संग मिलकर उतारा पति को मौत के घाट
बबुरी: चंदौली जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है, जहां अवैध संबंध के चलते पत्नी ने अपने ननदोई के साथ मिलकर पति की गला घोटकर हत्या कर दी और उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने मामले का सफल अनावरण करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एक मार्च को खुरहुजा (वरऊर) गांव निवासी हीरा वियार ने तहरीर देकर बताया था कि उनके भतीजे राजवंश वियार ने जमीन विवाद और धमकी से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस आधार पर थाना बबुरी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को इलेक्ट्रॉनिक व सर्विलांस साक्ष्यों से चौंकाने वाले तथ्य मिले। 7 अप्रैल को बबुरी पुलिस ने मृतक की पत्नी राम दुलारी और उसके बहनोई रामजनम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश कबूल कर ली।
आरोपियों ने बताया कि 28 फरवरी की रात रामजनम घर आया था। रात में दोनों के बीच अवैध संबंध बने, तभी पति राजवंश ने उन्हें आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इसके बाद विवाद बढ़ा और रामजनम ने उसका गला दबा दिया। फिर दोनों ने मिलकर रस्सी से गला कसकर हत्या कर दी और शव को फांसी पर लटका कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने पहले से ही एक अन्य व्यक्ति को झूठे मुकदमे में फंसाकर आर्थिक लाभ लेने की भी योजना बना रखी थी।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रस्सी बरामद कर ली है। दोनों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की सक्रियता से खुला राज
इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में किया गया। टीम में उपनिरीक्षक गुलाम हुसैन, अजय कुमार यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
सुनिए एसपी साहब को




