शिक्षकों के योगदान को सलाम, बीआरसी में संगोष्ठी व सम्मान समारोह आयोजित
शहाबगंज चंदौली। ब्लॉक संसाधन केंद्र शहाबगंज पर बुधवार को शिक्षण संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के शिक्षकों की उल्लेखनीय भूमिका को सराहा गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान तीन सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनके लंबे एवं उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में कम्पोजिट विद्यालय घोड़सारी के राम प्रसाद पाण्डेय, कम्पोजिट विद्यालय भोड़सर के गुलाब शर्मा तथा कम्पोजिट विद्यालय बड़ौरा के नेसार अहमद सिद्दीकी शामिल रहे। इसके अलावा ब्लॉक एकेडमिक कोऑर्डिनेटर देवव्रत सिंह को भी शिक्षा क्षेत्र में उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित शिक्षकों को अंगवस्त्र, धार्मिक पुस्तक एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में आयोजित शिक्षण संगोष्ठी के दौरान शिक्षकों ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विचार-विमर्श किया। वक्ताओं ने नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन तथा डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि बच्चों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और आत्मनिर्भरता का विकास करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को बदलते समय के अनुरूप शिक्षित करें, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षक समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके अनुभवों से नई पीढ़ी को निरंतर सीखने का अवसर मिलता रहेगा।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर सत्येन्द्र सिंह, विमला देवी, आनंद पाण्डेय, मनोज तिवारी, उपा सिंह, केशरी नंदन जायसवाल, कन्हैया लाल गुप्ता, संतोष त्रिपाठी, भूपेन्द्र यादव, अच्युतानंद त्रिपाठी, राजेश यादव,विजय राम, वरुणेन्द्र पाठक, मुसाफिर सिंह सहित अन्य शिक्षक, शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।




