चंदौली में कानून-व्यवस्था पर सख्त नजर, एसपी ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
चंदौली: जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री आकाश पटेल की अध्यक्षता में पुलिस लाइन सभागार में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान एसपी ने जनपद की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और आगामी आयोजनों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

एसपी ने आगामी महत्वपूर्ण आयोजनों, विशेष रूप से डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती को ध्यान में रखते हुए पुलिस को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी घटनाओं पर भी सतर्क दृष्टि रखी जाए और किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को तुरंत नियंत्रित किया जाए। सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ तत्काल एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अपराध नियंत्रण की समीक्षा करते हुए एसपी ने थानावार लंबित विवेचनाओं पर नाराजगी जताई और उनके शीघ्र व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक थाने से ऐसे पांच विवेचकों की सूची मांगी जो विवेचना कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं, ताकि उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर अपराध दर में कमी लाई जाए।
महिला सुरक्षा को लेकर एसपी ने विशेष जोर देते हुए ‘मिशन शक्ति’ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बीट पुलिसिंग को मजबूत करने, सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने और महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित व संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। थानों पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका समयबद्ध निस्तारण किया जाए, यह भी निर्देशित किया गया।
इसके अलावा अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी तथा अवैध हथियारों के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त निगरानी और निरंतर अभियान चलाने को कहा गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
सड़क सुरक्षा को लेकर ‘जीरो फैटैलिटी डिस्ट्रिक्ट’ (ZFD) के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष हुई सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु के प्रत्येक मामले का केस-बाय-केस विश्लेषण किया जाए और उसके आधार पर ठोस रणनीति बनाई जाए, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मौतों को रोका जा सके।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी ने पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की दृश्यता बढ़ाने और रात्रि गश्त में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और इसके लिए हर स्तर पर सक्रियता जरूरी है।
साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, ई-साक्ष्य व ई-सम्मन से संबंधित सूचनाओं की समय से फीडिंग तथा यक्ष ऐप पर डेटा अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने कहा कि तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग कर कार्य प्रणाली को और अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनाया जाए।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक श्री आकाश पटेल ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से पुलिसिंग को और अधिक सक्रिय, जवाबदेह और जनहितकारी बनाने तथा सूचना तंत्र को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।




