तस्करी के आरोप में एक अभियुक्त गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
चन्दौली : जनपद में गोतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली चन्दौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने नवही चौराहे के पास धरौली मार्ग पर कार्रवाई करते हुए 14 राशि गोवंश बरामद किया है तथा तस्करी में संलिप्त एक अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार किया है।
बताया गया कि गोवंशों को पैदल हांककर वध के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई करते हुए गोवंशों को मुक्त कराया और आरोपी को पकड़ लिया।
मुखबिर की सूचना पर सुबह 5 बजे हुई कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि कुछ लोग गोवंशों को पगडंडी के रास्ते नवही चौराहे से धरौली मार्ग की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सुबह करीब 5 बजे घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया।
इसी दौरान पक्के मार्ग से करीब 100 मीटर आगे एक व्यक्ति गोवंशों को हांकते हुए दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। बरामद गोवंशों में 07 गाय व 07 बछड़े शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शम्भूनाथ चौहान (50 वर्ष) निवासी ग्राम नेगुरा, थाना व जनपद चन्दौली के रूप में हुई है।
गोवध व पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज
गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर कोतवाली चन्दौली में मु0अ0सं0 163/2026 के तहत धारा 3/5A/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर, उपनिरीक्षक रावेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक तरुण कश्यप, उपनिरीक्षक बाबूराम यादव व कांस्टेबल प्रियेश यादव की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में गोतस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।




