“जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंजा मसोई, भव्य शोभायात्रा के साथ राम कथा का शुभारंभ
शहाबगंज (चंदौली): मसोई गांव में शुक्रवार को भक्ति, उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। ढोल-नगाड़ों की गूंज, आकर्षक झांकियों और “जय श्रीराम” के गगनभेदी उद्घोष से पूरा क्षेत्र राममय हो उठा।
शोभायात्रा शहाबगंज ब्लॉक मुख्यालय से प्रारंभ होकर मसोई गांव का भ्रमण करती हुई हनुमान मंदिर पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई, जिसके साथ शोभायात्रा का समापन हुआ। इसके बाद कथा स्थल पर प्रथम दिवस की श्रीराम कथा का मंगलमय आरंभ हुआ, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मानस परिवार सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित यह श्रीराम कथा 2 मई तक चलेगी। कथा वाचक मानस मर्मज्ञ परम पूज्य अतुल कृष्ण भारद्वाज जी महाराज अपने ओजस्वी प्रवचनों से भक्तों को श्रीराम चरित की अमृतमयी धारा में सराबोर कर रहे हैं।

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि श्रीराम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और संस्कारों को मजबूत करने का माध्यम है। ऐसे आयोजनों से आपसी प्रेम, भाईचारा और नैतिक मूल्यों की भावना विकसित होती है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा नेता सुर्यमुनि तिवारी, श्याम जी सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि राकेश सिंह, कुलदीप सिंह, चंदेश उर्फ मिंटू पांडेय, मंटू सिंह, मुरारी गुप्ता, प्रवीण पांडेय, अमित सिंह, अरुण सिंह, राजवंश सिंह, जयप्रकाश पुजारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




